अमेरिका की पाबंदियों का वेनेजुएला की स्वास्थ्य प्रणाली पर प्रभाव: विश्व स्वास्थ्य सभा में बयान

अमेरिका की पाबंदियों का वेनेजुएला की स्वास्थ्य प्रणाली पर प्रभाव: विश्व स्वास्थ्य सभा में बयान

काराकास, 21 मई। वेनेजुएला ने विश्व स्वास्थ्य संगठन की 79वीं विश्व स्वास्थ्य सभा में स्पष्ट किया कि अमेरिका द्वारा लगाए गए एकतरफा प्रतिबंधों ने उसके स्वास्थ्य प्रणाली को गंभीर रूप से प्रभावित किया है। देश ने कहा है कि इन प्रतिबंधों के चलते चिकित्सा सामग्री, दवाइयों और स्वास्थ्य उपकरणों की उपलब्धता में कठिनाई उत्पन्न हुई है। जिनेवा में वेनेजुएला के अस्पताल मामलों के उपमंत्री मॉरिसियो वेगा ने यह बात कही। उन्होंने देश की सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था की रक्षा की, जो समानता और प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल पर आधारित है, और कहा, “स्वास्थ्य एक बुनियादी मानवाधिकार है, यह कोई वस्तु नहीं।”

वेगा ने यह भी बताया कि हाल के वर्षों में बड़े पैमाने पर लोगों के पलायन के कारण स्वास्थ्य क्षेत्र में मानव संसाधनों की कमी महसूस की जा रही है, लेकिन सरकार नए स्वास्थ्य पेशेवरों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रमों को सुदृढ़ कर रही है।

सिन्हुआ न्यूज एजेंसी के अनुसार, उन्होंने चेतावनी दी कि अमेरिकी प्रतिबंधों के कारण उत्पन्न संरचनात्मक समस्याओं के चलते कुछ बीमारियों के फिर से फैलने का खतरा बढ़ गया है, जिसका सीधा असर आम जनता पर पड़ेगा।

इन चुनौतियों के बावजूद, वेनेजुएला सार्वभौमिक स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता को सुनिश्चित करने के लिए निरंतर नीतियां लागू कर रहा है। वेगा ने इन “अमानवीय एकतरफा प्रतिबंधों” को पूरी तरह से हटाने की मांग दोहराई।

वेनेजुएला के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि 79वीं विश्व स्वास्थ्य सभा में देश का प्रतिनिधिमंडल, जिसे वेगा नेतृत्व कर रहे हैं, इन प्रतिबंधों के दुष्प्रभावों के बारे में अपनी बात मजबूती से रखेगा।

हाल ही में, वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रॉड्रिगज ने इस विचार को ठुकरा दिया था कि उनका देश कभी अमेरिका का एक और राज्य बन सकता है। उन्होंने वेनेजुएला की संप्रभुता और स्वतंत्रता को स्पष्ट करते हुए कहा कि देश अपनी आजादी और इतिहास की रक्षा करेगा।

द हेग में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में रॉड्रिगज ने कहा, "अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को यह पता है कि वेनेजुएला सहयोग के लिए कूटनीतिक कदम उठा रहा है, और कूटनीति ही आगे बढ़ने का सही तरीका है।"