अंडर-18: भारत ने ऑस्ट्रेलिया के साथ अंतिम मैच 3-3 से बराबर किया

अंडर-18: भारत ने ऑस्ट्रेलिया के साथ अंतिम मैच 3-3 से बराबर किया

भोपाल, 20 मई। भारत की अंडर-18 पुरुष हॉकी टीम ने ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध अपनी चार मैचों की श्रृंखला को 3-3 के बराबरी पर समाप्त किया। इस तरह भारतीय टीम ने इस श्रृंखला में एक जीत, दो बराबरी और एक हार के साथ समापन किया।

बुधवार को उद्धव दास मेहता (भाई जी) सेंट्रल साई सेंटर में भारतीय टीम ने मैच की शुरुआत अत्यंत उत्साह के साथ की। 10वें मिनट में करण गौतम ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में परिवर्तित किया और इसके बाद 14वें मिनट में बेन सिद्धार्थ ने एक शानदार फील्ड गोल किया।

हालांकि, ऑस्ट्रेलिया ने पलटवार करते हुए दूसरे क्वार्टर में स्कोर बराबर कर लिया। जेट जॉनस्टोन ने 18वें और 25वें मिनट में दो महत्वपूर्ण गोल करके हाफ-टाइम तक ऑस्ट्रेलिया को बराबरी पर ला दिया।

तीसरे क्वार्टर में कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद, भारत ने कप्तान केतन कुशवाहा के 40वें मिनट में किए गए फील्ड गोल की मदद से फिर से बढ़त बना ली। भारत ने अपनी इस बढ़त को बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास किया, लेकिन मैच के अंत में ऑस्ट्रेलिया ने दोबारा बराबरी हासिल की। मैच समाप्ति से केवल तीन मिनट पहले एंड्रयू फॉल्ड्स ने 57वें मिनट में एक फील्ड गोल बनाया।

इससे पहले दिन में, भारत की महिला अंडर-18 टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रृंखला के चौथे और अंतिम मैच में ऑस्ट्रेलिया की अंडर-18 महिला टीम को 4-1 से पराजित किया।

8वें मिनट में ऑस्ट्रेलिया ने ऑरोरा कोवोसेविच के गोल से बढ़त बनाई, जिसके बाद कप्तान स्वीटी कुजूर ने 13वें मिनट में भारतीय टीम को बराबरी पर ला दिया। इसके बाद दीया (25'), प्रियंका मिंज (44') और नौशीन नाज (50') ने गोल करके टीम की शानदार जीत सुनिश्चित की।

श्रृंखला के पहले मैच में भारतीय महिला टीम को 3-4 से हार का सामना करना पड़ा। अगले मैच में भारत को 1-4 से शिकस्त मिली। तीसरे मैच में भी भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 1-2 से हार का सामना करना पड़ा।