अलीगढ़, 25 मई। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के अतरौली क्षेत्र में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में दो अपराधी, रजा मोहम्मद और मुबीन, मारे गए हैं। इस कार्रवाई में दो कांस्टेबल भी घायल हुए हैं। इन अपराधियों ने महिलाओं के प्रति लूटपाट की कई वारदातों को अंजाम दिया था। मामले की जानकारी देते हुए एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने कहा कि पिछले रविवार, 17 मई को मडराक थाना क्षेत्र के एक गांव में सुबह करीब 10 बजे दो बदमाशों ने हथियार के बल पर 10 महिलाओं से लूट की थी। इसके बाद, 21 मई को गोंडा, अतरौली और छर्रा थाना क्षेत्रों में लगभग छह और महिलाओं से उन्होंने लूटपाट की।
एसएसपी ने बताया कि जब से ये घटनाएं घटित हुई थीं, तब से उनकी टीम सक्रिय थी। बुलंदशहर की सीमा पर सभी सड़कों और कच्चे रास्तों पर पुलिस की नजर थी। जिन कैमरों में खराबी थी, उन्हें भी ठीक करवा लिया गया था। पुलिस को सूचना मिली कि ये आरोपी गोंडा थाना क्षेत्र में हैं। जब पुलिस ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, तो आरोपी ने पुलिस की गाड़ी को टक्कर मारी और गोलियां चलाते हुए भाग निकल गए।
एसएसपी ने बताया कि हमारी टीम फिर से सक्रिय हुई और लगभग 3:30 बजे डायल 112 पर सूचना मिली कि अतरौली थाना क्षेत्र के मंडोली गांव में कुंडल लूटे गए हैं। जानकारी मिलने पर नाकाबंदी की गई। मंडोली चौकी क्षेत्र में आरोपियों ने आम के बाग में छिपकर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मसमर्पण करने का अनुरोध किया, परंतु आरोपियों ने सरेंडर नहीं किया। इस फायरिंग के चलते पुलिस की गाड़ी को गोली लगी और दो सिपाही घायल हुए।
एसएसपी ने बताया कि आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायर किया, जिससे दोनों अपराधियों को गोली लगी। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके परिजनों को सूचित कर दिया गया है और इस मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी ने कहा कि मामले की सूचना मिलते ही उनकी टीम ने लगातार काम किया। पुलिस को कुछ वीडियो फुटेज भी प्राप्त हुए थे। 21 मई की रात को मैंने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। अपराधी रजा मोहम्मद पर 40 मामले दर्ज थे और वह काफी समय से सक्रिय था। हापुड़, अमरोहा, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, अलीगढ़, बुलंदशहर और अन्य जनपदों में उसने कई वारदातें की थीं।
एसएसपी ने दूसरे अपराधी मुबीन की जानकारी देते हुए कहा कि वह बुलंदशहर का निवासी था, जिसके खिलाफ 27 मुकदमे दर्ज थे। विभिन्न थाना क्षेत्रों में उसके खिलाफ 18 लूट के मामले हैं।
एसएसपी ने बताया कि रजा मोहम्मद ने नोएडा में एक लूट के दौरान एक महिला के साथ दुष्कर्म भी किया था। उस पर पुलिस पर फायरिंग करने का मामला दर्ज था और उसे जेल भेजा गया था। वह पिछले महीने के अंत में जेल से बाहर आया था।