अजय राय की परेशानियां बढ़ीं, वाराणसी में पीएम मोदी पर अभद्र टिप्पणी के मामले में दो नए मुकदमे

अजय राय की परेशानियां बढ़ीं, वाराणसी में पीएम मोदी पर अभद्र टिप्पणी के मामले में दो नए मुकदमे

वाराणसी, 24 मई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में की गई एक विवादित टिप्पणी के चलते यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय की समस्याएं बढ़ती जा रही हैं। वाराणसी के चौक थाने में उनके खिलाफ दो अलग-अलग मामले दायर किए गए हैं। ये मामले महिला व्यापार मंडल की नेता सुनीता सोनी और आर्यन पंड्या की शिकायत पर दर्ज किए गए हैं। इससे पहले, महोबा में भी उनके खिलाफ एक मामला पहले से ही चल रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने अजय राय के इस विवादित बयान के खिलाफ विरोध प्रदर्शन भी किया। वहीं, अजय राय ने वायरल हो रहे वीडियो को एआई द्वारा निर्मित बताते हुए अपने बयान को अस्वीकार किया है।

उल्लेखनीय है कि पीएम मोदी के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी के कारण न केवल अजय राय को विरोध का सामना करना पड़ रहा है, बल्कि कांग्रेस पार्टी भी सोशल मीडिया पर आलोचनाओं का शिकार हो गई है। लोग एक बार फिर कांग्रेस के नैतिक मानकों और मूल्यों पर सवाल खड़ा कर रहे हैं।

हाल ही में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में अजय राय की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी, और वह बेहोश होकर गिर गए थे, जिसके बाद उन्हें लखनऊ के एक अस्पताल में भर्ती किया गया। जब उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी सामने आई, तब प्रधानमंत्री मोदी ने उसी रात सोशल मीडिया पर उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की और कहा कि वे अजय राय की अचानक बीमार होने की खबर सुनकर चिंतित हैं।

भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा करते हुए लिखा, ''कुछ दिन पहले जब यूपीपीसीसी प्रमुख अजय राय बीमार हुए थे, तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुले तौर पर उनके जल्द ठीक होने की प्रार्थना की थी। आज वही अजय राय कैमरे में पीएम मोदी के खिलाफ अभद्र भाषा इस्तेमाल करते हुए दिखे। यही है कांग्रेस की राजनीति का स्तर, शिष्टाचार का उत्तर अभद्रता से देना।''