आईपीएल 2026: सुदर्शन ने वैभव से ऑरेंज कैप छीनी, भुवनेश्वर की बादशाहत पर खतरे के बादल

आईपीएल 2026: सुदर्शन ने वैभव से ऑरेंज कैप छीनी, भुवनेश्वर की बादशाहत पर खतरे के बादल

नई दिल्ली, 22 मई। आईपीएल 2026 के 66वें मैच में गुजरात टाइटंस (जीटी) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को 89 रनों से पराजित किया। इस जीत में साई सुदर्शन ने बल्ले से महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए 53 गेंदों में 84 रन बनाए। इस पारी के दम पर सुदर्शन ने वैभव सूर्यवंशी से ऑरेंज कैप फिर से हासिल कर ली है। अब साई सुदर्शन ने 14 मैचों में कुल 638 रन बनाए हैं और इस सीजन में उनकी फॉर्म बेहतरीन रही है। ऑरेंज कैप की दौड़ में उन्हें जीटी के कप्तान शुभमन गिल से कड़ी चुनौती मिल रही है, जिन्होंने 13 मैचों में 616 रन बनाकर दूसरे स्थान पर स्थान बनाया है।

दूसरी ओर, राजस्थान रॉयल्स के 15 साल के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी 579 रनों के साथ तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं। लखनऊ सुपर जायंट्स के मिचेल मार्श 13 मैचों में 563 रन बनाकर चौथे स्थान पर हैं। सनराइजर्स हैदराबाद के विकेटकीपर-बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन 555 रनों के साथ अब पांचवे पायदान पर पहुंच गए हैं। विराट कोहली 542 रन बनाकर छठे स्थान पर हैं।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार के पास पर्पल कैप बरकरार है, लेकिन उनकी बादशाहत अब खतरे में पड़ गई है। सीएसके के खिलाफ 3 विकेट लेने के साथ ही गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने इस सीजन में सर्वाधिक विकेट लेने के मामले में भुवनेश्वर की बराबरी कर ली है।

भुवनेश्वर और रबाडा दोनों ने 24 विकेट हासिल किए हैं। हालांकि, भुवनेश्वर ने 24 विकेट 13 मैचों में लिए हैं, जबकि रबाडा ने इसे 14 मैचों में किया है। सीएसके के तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज 21 विकेट लेकर तीसरे स्थान पर हैं। वहीं, जीटी के स्पिन गेंदबाज राशिद खान 19 विकेट के साथ चौथे स्थान पर हैं। राजस्थान रॉयल्स के गेंदबाज जोफ्रा आर्चर 18 विकेट लेकर पांचवे स्थान पर हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स के तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी ने 13 मैचों में 18 विकेट हासिल कर लिस्ट में छठे नंबर पर हैं।