आईपीएल 2026: प्लेऑफ में शामिल चार टीमों का ऐलान, जानें पूरा कार्यक्रम

आईपीएल 2026: प्लेऑफ में शामिल चार टीमों का ऐलान, जानें पूरा कार्यक्रम

नई दिल्ली, 25 मई। आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में चार टीमों का चयन हो गया है, जिसमें रविवार को राजस्थान रॉयल्स (आरआर) ने मुंबई इंडियंस (एमआई) को हराकर अपनी जगह बनाई। जानते हैं कि प्लेऑफ में कौन सी टीमा किससे भिड़ेगी और ये मैच कब और कहां आयोजित होंगे। आईपीएल 2026 के प्लेऑफ की शुरुआत मंगलवार (26 मई) से होगी। अंक तालिका में शीर्ष पर रहने वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) का पहला मुकाबला गुजरात टाइटंस (जीटी) से होगा। यह मैच धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में होगा।

पहले क्वालिफायर में विजेता टीम को सीधे फाइनल में जगह मिलेगी। इसके बाद बुधवार (27 मई) को एलिमिनेटर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) का सामना राजस्थान रॉयल्स (आरआर) से होगा। इस मैच का आयोजन न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादविंद्र सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होगा।

दूसरा क्वालिफायर मैच 29 मई को खेला जाएगा, जिसमें पहले क्वालिफायर की हारने वाली टीम और एलिमिनेटर की विजेता टीम के बीच मुकाबला होगा। दूसरे क्वालिफायर की मेज़बानी भी न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादविंद्र सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम करेगा। आरसीबी पहले स्थान पर और जीटी दूसरे स्थान पर रहने के कारण, उन्हें पहले क्वालिफायर हारने के बाद दूसरे क्वालिफायर में एक और अवसर मिलेगा। टूर्नामेंट का फाइनल 31 मई को होगा, जो अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।

राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए, आरआर ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 205 रन बनाए। टीम के लिए ध्रुव जुरेल ने 26 गेंदों में 38 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली, जबकि जोफ्रा आर्चर ने 15 गेंदों पर 32 रन बनाए। यशस्वी जायसवाल ने भी 27 रन का योगदान दिया। जवाब में, मुंबई इंडियंस 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 175 रन ही बना सकी। एमआई की तरफ से सूर्यकुमार यादव ने 42 गेंदों में 60 रन बनाए, जबकि हार्दिक पांड्या ने 15 गेंदों में 34 रन बनाए। आरआर की ओर से जोफ्रा आर्चर ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 17 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि नांद्रे बर्गर और बृजेश शर्मा ने दो-दो विकेट निकालें।

आईपीएल 2026 के प्लेऑफ का कार्यक्रम:

26 मई (मंगलवार) - पहला क्वालिफायर - रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम गुजरात टाइटंस

27 मई (बुधवार) - एलिमिनेटर - सनराइजर्स हैदराबाद बनाम राजस्थान रॉयल्स

29 मई (शुक्रवार) - दूसरा क्वालिफायर

31 मई (रविवार) - फाइनल