लखनऊ, 23 मई। पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) ने शनिवार को चल रहे इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 68वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के खिलाफ टॉस जीतकर गेंदबाजी का निर्णय लिया है। यह पीबीकेएस के लिए 'करो या मरो' मुकाबला है, जिसमें उन्हें प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए जीत हासिल करना आवश्यक है।
भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में टॉस जीतने के बाद पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा, "हम पहले गेंदबाजी करने का विकल्प चुने हैं। टीम में दो नए खिलाड़ी- मार्को और वैशाख को शामिल किया गया है। हम इस मैच को लेकर बहुत उत्साहित हैं। यह हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण है। हमारी टीम इस स्थिति का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है।"
अर्जुन तेंदुलकर इस सीजन में अपना पहला और इकलौता मैच खेलने जा रहे हैं। लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत ने कहा, "अगर हमें टॉस जीतने का अवसर मिलता तो हम भी पहले गेंदबाजी का चुनाव करते। यह पिच क्रिकेट के लिए बहुत अच्छी है, चाहे वह गेंदबाजी हो या बल्लेबाजी। यह बल्लेबाजी के लिए बेहतरीन पिचों में से एक हो सकती है। हमारी टीम में दो बदलाव किए गए हैं - अर्जुन (तेंदुलकर) और अर्शिन कुलकर्णी शामिल हुए हैं। इस सीजन में हमारे लिए कई मुश्किलें आई हैं, लेकिन हमने काफी कुछ सीखा है। मैं अपने फैंस से भी माफी मांगता हूँ, जो यूपी से हमारे साथ आए हैं। हमारा सफर कठिन रहा है, लेकिन आज हम अपना सर्वश्रेष्ठ देने का प्रयास करेंगे।"
इस सीजन पंजाब किंग्स ने 13 मैचों में से 6 जीते हैं और उतने ही मैच हारे हैं, जबकि एक मैच का परिणाम नहीं निकला। 13 अंकों के साथ यह टीम प्वाइंट्स टेबल में पांचवे स्थान पर है। वहीं लखनऊ सुपर जायंट्स पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुका है, जिसने 13 मैचों में 9 गंवाए हैं। 8 अंकों के साथ यह टीम अंक तालिका के सबसे नीचे है।
लखनऊ सुपर जायंट्स की प्लेइंग इलेवन: जोश इंगलिस, अर्शिन कुलकर्णी, निकोलस पूरन, आयुष बडोनी, ऋषभ पंत (कप्तान/विकेटकीपर), अब्दुल समद, मुकुल चौधरी, अर्जुन तेंदुलकर, मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव और मोहसिन खान।
पंजाब किंग्स की प्लेइंग इलेवन: प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), प्रियांश आर्य, कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), सूर्यांश शेडगे, शशांक सिंह, अजमतुल्लाह उमरजई, मार्को जानसेन, विजयकुमार विशाक, अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल।