मुंबई, 24 मई। राजस्थान रॉयल्स (आरआर) ने आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में प्रवेश कर लिया है। रविवार को वानखेड़े स्टेडियम में आरआर ने मुंबई इंडियंस (एमआई) को 30 रन से हराते हुए प्लेऑफ में जगह बनाई है। आरआर चौथे स्थान पर काबिज हो गया है। इस जीत के मुख्य नायक जोफ्रा आर्चर रहे, जिन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया और टीम को प्लेऑफ में पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब मिला।
मैच के बाद आर्चर ने कहा, 'यह मेरा सबसे अच्छा सीजन नहीं है। मैं पहले भी इससे अच्छा प्रदर्शन कर चुका हूं। मेरा ध्यान हमेशा सही क्षेत्र में गेंदबाजी करने पर होता है, भले ही परिणाम वैसा न हो। मुझे खुशी है कि टीम को जीत की जब सबसे अधिक आवश्यकता थी, तब मैंने अच्छा प्रदर्शन किया।'
पावरप्ले में विकेट लेने के बारे में आर्चर ने कहा, 'अगर अच्छे गेंद पर चौका लग जाए तो मुझे कोई समस्या नहीं है, क्योंकि प्रक्रिया का सही होना आवश्यक है। शुरुआती मैचों में मैंने धीमी गेंदें अधिक फेंकी थीं, लेकिन कोच ने मुझे अपनी तेज गेंदबाजी पर भरोसा रखने के लिए कहा।'
अपनी आक्रामक बल्लेबाजी पर आर्चर ने कहा, 'इम्पैक्ट सब नियम के चलते मुझे मौके कम मिलते हैं, लेकिन मैं खुद को एक ऑलराउंडर मानता हूं।'
आर्चर ने अपनी फिटनेस के स्तर पर भी संतोष व्यक्त किया।
आरआर की जीत में आर्चर ने पहले बल्लेबाजी और फिर गेंदबाजी में प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
आर्चर ने 15 गेंदों में 3 छक्कों और 1 चौके की सहायता से 32 रन बनाए। इसके बाद उन्होंने 4 ओवर में 17 रन देकर 3 विकेट चटकाए।
मैच की बात करें तो राजस्थान रॉयल्स (आरआर) ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर 205 रन बनाए। ध्रुव जुरेल ने 38, जोफ्रा आर्चर ने 32, दसुन शनाका ने 29, जायसवाल ने 27, रवींद्र जडेजा ने नाबाद 19 और डोनोवन फरेरा ने 18 रन बनाए।
206 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस केवल 175 रन पर 9 विकेट खोकर मैच हार गई। एमआई के लिए सूर्यकुमार यादव ने 60, हार्दिक पांड्या ने 34 और विल जैक्स ने 33 रन बनाए।
आरआर के लिए आर्चर के 3 विकेटों के अलावा, नांद्रे बर्गर, ब्रिजेश शर्मा और यश राज पुंजा ने 2-2 विकेट लिए।