कोलकाता, 21 मई। कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने बुधवार को आईपीएल 2026 का 65वां मैच जीत लिया। ईडन गार्डन्स में खेले गए इस मैच में केकेआर ने मुंबई इंडियंस (एमआई) को 4 विकेट से हराकर प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखा। मुंबई इंडियंस ने टॉस हारने के बाद बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट खोकर 147 रन बनाए। इस दौरान टीम ने 41 के स्कोर पर अपने 4 विकेट गंवा दिए। बारिश के कारण मैच में थोड़ी रुकावट आई, लेकिन ओवरों में कोई कटौती नहीं हुई।
कप्तान हार्दिक पांड्या ने तिलक वर्मा के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 49 गेंदों में 43 रन की साझेदारी कर टीम को एक स्थिरता प्रदान करने की कोशिश की। तिलक वर्मा ने 20 रन बनाए, जबकि पांड्या ने 26 रन जोड़े।
कॉर्बिन बॉश ने दीपक चाहर के साथ मिलकर आठवें विकेट के लिए 20 गेंदों में 42 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। बॉश ने 18 गेंदों में 2 छक्कों और 3 चौकों के साथ 32 रन बनाकर नाबाद रहे। सौरभ दुबे, कैमरून ग्रीन और कार्तिक त्यागी ने केकेआर की गेंदबाजी के दौरान 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि सुनील नरेन ने 1 विकेट लिया।
दूसरी पारी में केकेआर ने 18.4 ओवरों में लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम ने पहले ओवर में फिन एलन (8) का विकेट खो दिया। इसके बाद कप्तान अजिंक्य रहाणे ने मनीष पांडे के साथ मिलकर 28 गेंदों में 38 रन की साझेदारी की।
रहाणे ने 17 गेंदों में 4 चौकों के साथ 21 रन बनाए और बाद में कैमरून ग्रीन (4) भी पवेलियन लौट गए। केकेआर ने 7.1 ओवर में 54 के स्कोर पर 3 विकेट खो दिए थे। रोवमैन पॉवेल ने फिर मनीष पांडे के साथ चौथे विकेट के लिए 64 रन की साझेदारी की और टीम को जीत के करीब पहुंचाया।
मनीष ने 33 गेंदों में 6 चौकों के साथ 45 रन बनाकर लौटे। टीम को जीत के लिए 30 गेंदों में 30 रन की आवश्यकता थी। पॉवेल ने 16वें ओवर की दूसरी गेंद पर कैच आउट होने से पहले 2 छक्कों और 4 चौकों के साथ 40 रन बनाए।
अंतिम ओवरों में रिंकू सिंह (9) और अनुकूल रॉय (4) ने नाबाद रहते हुए टीम को 7 गेंद शेष रहते जीत दिलाई। विपक्षी टीम की ओर से कॉर्बिन बॉश ने सर्वाधिक 3 विकेट लिए, जबकि दीपक चाहर, गजनफर और जसप्रीत बुमराह को 1-1 विकेट मिला।