आईपीएल 2026: केकेआर ने मथीशा पथिराना की जगह लवनीत सिसोदिया को टीम में शामिल किया

आईपीएल 2026: केकेआर ने मथीशा पथिराना की जगह लवनीत सिसोदिया को टीम में शामिल किया

कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने आईपीएल 2026 के आगामी मैचों के लिए घायल श्रीलंकाई तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना की अनुपस्थिति में विकेटकीपर-बल्लेबाज लवनीत सिसोदिया को अपनी टीम में शामिल करने का निर्णय लिया है।

सिसोदिया कर्नाटक के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं और पहले भी केकेआर तथा रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) का हिस्सा रह चुके हैं। 25 वर्षीय सिसोदिया ने 15 टी20 मुकाबलों में 124 रन बनाए हैं और उन्हें केकेआर ने 30 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा है।

लवनीत सिसोदिया के आने से केकेआर की बल्लेबाजी में मजबूती आई है, लेकिन टीम अंगकृष रघुवंशी की अनुपस्थिति से भी जूझ रही है। रघुवंशी को सिर में चोट और उंगली में फ्रैक्चर के कारण सीजन से बाहर होना पड़ा है, जिससे बल्लेबाजी की गुणवत्ता प्रभावित हुई है।

मथीशा पथिराना को आईपीएल 2026 की नीलामी में 18 करोड़ रुपये की बड़ी राशि में खरीदा गया था। चोट के कारण वह टूर्नामेंट के अधिकांश हिस्से से बाहर रहे और 16 मई को गुजरात टाइटंस के खिलाफ एक मैच में भाग लिया, लेकिन केवल 1.2 ओवर के बाद उन्हें हैमस्ट्रिंग की समस्या हो गई, जिससे वह पूरी सीजन के लिए बाहर हो गए। उस मैच में उन्हें 'इम्पैक्ट प्लेयर' के तौर पर टीम में शामिल किया गया था।

पथिराना को टी20 विश्व कप 2026 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच के दौरान चोट लगी थी, जिसके कारण उन्हें अपने स्पेल को अधूरा छोड़ना पड़ा। इसके बाद वह टूर्नामेंट के बाकी मैचों में हिस्सा नहीं ले सके।

आईपीएल 2026 में खेलने के लिए श्रीलंका क्रिकेट ने पथिराना से उनकी पिंडली की चोट से ठीक होने के बाद फिटनेस टेस्ट पास करने की शर्त रखी थी। उन्हें एनओसी तब मिली, जब केकेआर के चार मैच खेले जा चुके थे और टीम सभी में हारी थी। टीम में शामिल होने के बाद भी, पथिराना केकेआर के 12वें मैच में भी प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं बन सके थे।

केकेआर अपने इस सीजन का अंतिम लीग मैच रविवार को अपने घरेलू मैदान, ईडन गार्डेन्स पर खेलने जा रही है। केकेआर को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबला करना है। अब तक 13 मैचों में 6 जीत और बारिश से रद्द हुए मैच से प्राप्त 1 अंक के साथ केकेआर कुल 13 अंक के साथ प्लेऑफ की दौड़ में बना हुआ है, लेकिन उसकी टॉप-4 में पहुंचने की संभावनाएँ बहुत कम हैं।