कोलकाता, 20 मई। मुंबई इंडियंस (एमआई) ने बुधवार को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ आईपीएल 2026 के 65वें मुकाबले में 148 रनों का लक्ष्य रखा है।
ईडेन गार्डन्स में टॉस हारने के बाद बल्लेबाजी करने उतरे मुंबई इंडियंस ने 8 विकेट के नुकसान पर 147 रन बनाये। उन्हें तीसरे ओवर की तीसरी गेंद पर रयान रिकेल्टन के रूप में 17 रनों पर पहला विकेट गंवाना पड़ा।
रिकेल्टन ने 6 रन बनाए। तीसरे ओवर की आखिरी गेंद पर नमन धीर (0) भी आउट हो गए। एमआई ने 41 रन पर रोहित शर्मा (15) और सूर्यकुमार यादव (15) के विकेट भी खो दिए।
मुंबई इंडियंस ने 8 ओवर में 4 विकेट खोकर 57 रन बना लिए थे, लेकिन बारिश के कारण खेल रुक गया। जब खेल फिर से शुरू हुआ, तो ओवरों की संख्या में कोई बदलाव नहीं किया गया।
इस स्थिति में हार्दिक पांड्या ने तिलक वर्मा के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 49 गेंदों में 43 रन की साझेदारी की, जिससे टीम 84 के स्कोर तक पहुंची। तिलक ने 32 गेंदों में 20 रन बनाये, जबकि कप्तान हार्दिक पांड्या ने 26 रन का योगदान दिया। कॉर्बिन बॉश ने 18 गेंदों में 2 छक्कों और 3 चौकों की मदद से 32 रन बनाए और नाबाद रहे।
दूसरी ओर, सौरभ दुबे, कैमरून ग्रीन और कार्तिक त्यागी ने केकेआर की तरफ से 2-2 विकेट हासिल किये, जबकि सुनील नरेन ने 1 विकेट अपने नाम किया।
कोलकाता नाइट राइडर्स इस मैच को जीतकर प्लेऑफ की दौड़ में बने रहना चाहेंगे। केकेआर ने 12 मैचों में से 5 जीते हैं और वह प्वाइंट्स टेबल में 8वें स्थान पर है। वहीं, मुंबई इंडियंस ने 12 में से 8 मैच गंवाए हैं और वह 9वें स्थान पर है।
अजिंक्य रहाणे के नेतृत्व में कोलकाता नाइट राइडर्स ने अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), कैमरून ग्रीन, रोवमैन पॉवेल, मनीष पांडे, रिंकू सिंह, सुनील नरेन, अनुकूल रॉय, कार्तिक त्यागी, वरुण चक्रवर्ती और सौरभ दुबे को शामिल किया है।
दूसरी तरफ, मुंबई इंडियंस की प्लेइंग इलेवन में रयान रिकेल्टन, रोहित शर्मा (विकेटकीपर), नमन धीर, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), विल जैक, कॉर्बिन बॉश, दीपक चाहर, जसप्रीत बुमराह और रघु शर्मा शामिल हैं।