कोलकाता, 24 मई। आईपीएल 2026 के 70वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) ने रविवार को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ 204 रन का लक्ष्य स्थापित किया है। दोनों टीमें प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हैं, लेकिन अपने अंतिम लीग मैच को जीतकर अभियान का समापन करना चाहेंगी।
ईडन गार्डन्स स्टेडियम में टॉस हारकर बैटिंग करने उतरी डीसी ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 203 रन बनाए। टीम ने अपने पहले विकेट को 4.3 ओवर में खो दिया था।
अभिषेक ने 18 गेंदों का सामना करते हुए 4 चौकों के जरिए 22 रन बनाए, इसके बाद साहिल पारख ने केएल राहुल के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 30 गेंदों में 47 रन जोड़ते हुए स्कोर को 87 तक पहुंचाया।
साहिल ने 17 गेंदों में 1 छक्के और 3 चौकों के साथ 24 रन बनाए, जिसके बाद कप्तान अक्षर पटेल ने खेल का जिम्मा संभाला। पटेल ने केएल राहुल के साथ तीसरे विकेट के लिए 19 गेंदों में 38 रन जोड़े और टीम को 125 तक पहुंचाया।
केएल राहुल ने 30 गेंदों में 4 छक्कों और 5 चौकों के साथ 60 रन बनाकर पवेलियन की ओर कदम बढ़ाया, इसके बाद कप्तान ने डेविड मिलर (28) के साथ चौथे विकेट के लिए 25 गेंदों में 41 रन की साझेदारी कर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया।
आशुतोष शर्मा और डेविड मिलर की जोड़ी ने पांचवें विकेट के लिए 17 गेंदों में 35 रन जोड़े। मिलर 19 गेंदों में 3 छक्कों के साथ 28 रन बनाकर आउट हुए, जबकि आशुतोष ने 11 गेंदों में 18 रन की नाबाद पारी खेली। विपक्षी टीम में सौरभ दुबे ने 2 विकेट हासिल किए। अनुकूल रॉय, सुनील नरेन और वरुण चक्रवर्ती ने 1-1 विकेट लिया।
कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम में अजिंक्य रहाणे (कप्तान), मनीष पांडे, कैमरून ग्रीन, रोवमैन पॉवेल, रिंकू सिंह, तेजस्वी दहिया (विकेटकीपर), अनुकूल रॉय, सुनील नरेन, सौरभ दुबे, वरुण चक्रवर्ती और कार्तिक त्यागी शामिल हैं।
वहीं, दिल्ली कैपिटल्स इस मैच में केएल राहुल (विकेटकीपर), अभिषेक पोरेल, साहिल पारख, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, अक्षर पटेल (कप्तान), आशुतोष शर्मा, माधव तिवारी, औकिब नबी डार, मिशेल स्टार्क और लुंगी एनगिडी के साथ मैदान पर उतरी है।