आईपीएल 2026: जोफ्रा आर्चर ने पर्पल कैप की दौड़ में किया प्रवेश, ऑरेंज कैप साई सुदर्शन के नाम

आईपीएल 2026: जोफ्रा आर्चर ने पर्पल कैप की दौड़ में किया प्रवेश, ऑरेंज कैप साई सुदर्शन के नाम

नई दिल्ली, 25 मई। आईपीएल 2026 के लीग चरण का समापन हो चुका है। अब सभी की निगाहें प्लेऑफ के रोमांचित मुकाबलों पर हैं। रविवार को मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेलते हुए राजस्थान रॉयल्स के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने इस मैच में 3 विकेट हासिल किये और अब वह पर्पल कैप की दौड़ में शीर्ष 3 में शामिल हो गए हैं। आर्चर ने 4 ओवर में सिर्फ 17 रन देकर 3 विकेट चटकाए। पूरे सीजन में आर्चर ने 14 मैचों में 21 विकेट हासिल किए हैं, जिससे वह इस सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में तीसरे स्थान पर पहुंचे हैं। उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के गेंदबाज अंशुल कंबोज को पछाड़ दिया है।

हालांकि, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार अभी भी पर्पल कैप पर काबिज हैं, जिन्होंने 14 मैचों में 24 विकेट लिए हैं। गुजरात टाइटंस के कगिसो रबाडा भी 24 विकेट के साथ दूसरे स्थान पर हैं। वहीं, राशिद खान 14 मैचों में 19 विकेट लेकर पर्पल कैप की सूची में पांचवे स्थान पर हैं।

ऑरेंज कैप साई सुदर्शन के पास है, जो गुजरात टाइटंस के ओपनर हैं। उन्होंने 14 मैचों में 157 की स्ट्राइक रेट के साथ 638 रन बनाये हैं। उनके कप्तान शुभमन गिल 13 मैचों में 616 रन बनाकर दूसरे स्थान पर हैं।

सनराइजर्स हैदराबाद के विकेटकीपर-बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन 606 रनों के साथ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में तीसरे स्थान पर हैं। दिल्ली कैपिटल्स के केएल राहुल ने 14 मैचों में 593 रन बनाकर चौथा स्थान हासिल किया है। राहुल ने रविवार को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 60 रनों की शानदार पारी खेली थी। वहीं, राजस्थान रॉयल्स के 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी 583 रनों के साथ पांचवे स्थान पर हैं।