आईपीएल 2026: हार्दिक पांड्या पर लगाया गया 10% मैच फीस का जुर्माना

आईपीएल 2026: हार्दिक पांड्या पर लगाया गया 10% मैच फीस का जुर्माना

नई दिल्ली, 21 मई। मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या को उनकी मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना देना होगा। इसके साथ ही उनके खाते में एक डिमेरिट प्वाइंट भी जुड़ गया है। आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस (एमआई) और कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के बीच खेले गए मैच में हार्दिक को आईपीएल के कोड ऑफ कंडक्ट के लेवल एक का उल्लंघन करते पाया गया। दरअसल, मैच की दूसरी पारी के 10वें ओवर के चार गेंद फेंकने के बाद अपने रन-अप पर लौटते समय उन्होंने जान-बूझकर स्टंप्स की बेल्स गिरा दीं। हार्दिक ने कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.2 का उल्लंघन किया है, जो खेल के दौरान क्रिकेट उपकरण या मैदान के फिक्स्चर के दुरुपयोग से संबंधित है।

हार्दिक ने अपनी गलती को स्वीकार करते हुए जुर्माना स्वीकार कर लिया है। इस मैच में उनका प्रदर्शन विशेष नहीं रहा। उन्होंने गेंदबाजी में केवल 2 ओवर किए और बल्लेबाजी में 27 गेंदों पर 26 रन ही बना सके। इस पारी में उन्होंने दो चौके और एक छक्का लगाया।

मुंबई इंडियंस को केकेआर के खिलाफ 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। पहले बल्लेबाजी करने उतरी एमआई का बल्लेबाजी क्रम उम्मीद के अनुसार प्रदर्शन नहीं कर सका। रोहित शर्मा ने 15 रन बनाए, जबकि रयान रिकेल्टन ने 6 रन बनाकर कैमरून ग्रीन का शिकार बने। नमन धीर भी बिना खाता खोले ही लौट गए।

इसके अलावा, सूर्यकुमार यादव की खराब फॉर्म भी जारी रही, और वह 15 रन बनाकर सौरभ दुबे की गेंद पर बोल्ड हो गए। तिलक वर्मा ने 32 गेंदों का सामना करते हुए 20 रन बनाए। मैच के आखिरी ओवरों में कॉर्बिन बॉश ने 18 गेंदों में नाबाद 32 रन बनाकर टीम को 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 147 रनों के कुल स्कोर तक पहुंचने में मदद की।

हालांकि, एमआई के गेंदबाज 148 रनों के लक्ष्य की रक्षा नहीं कर सके और केकेआर ने 18.5 ओवर में 6 विकेट खोकर लक्ष्य को हासिल कर लिया। मनीष पांडे ने 33 गेंदों में 45 रनों की बेहतरीन पारी खेली, जबकि रोवमैन पॉवेल ने 30 गेंदों में 40 रन बनाए। एमआई पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है।