आईपीएल 2026: आरसीबी को बड़ा झटका, चोटिल जैकब बेथेल पूरी सीजन से बाहर

आईपीएल 2026: आरसीबी को बड़ा झटका, चोटिल जैकब बेथेल पूरी सीजन से बाहर

नई दिल्ली, 23 मई। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 'प्लेऑफ' के नजदीक रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को एक गंभीर झटका लगा है। बैटिंग ऑलराउंडर जैकब बेथेल शेष सीजन के लिए अनुपलब्ध हो गए हैं, उन्हें पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के खिलाफ मैच के दौरान बाईं अनामिका उंगली में चोट लगी थी। बेथेल अब आगे की जांच के लिए इंग्लैंड वापस लौटेंगे।

इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने एक आधिकारिक बयान में इस मामले की पुष्टि की है। ईसीबी ने जानकारी दी कि वे बेथेल की चोट की गंभीरता का मूल्यांकन करेंगे और देखेंगे कि क्या वह 4 जून को लॉर्ड्स में न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले पहले टेस्ट के लिए समय पर फिट हो पाएंगे।

ईसीबी द्वारा जारी बयान में कहा गया, "ईसीबी ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के साथ सहमति बनाई है कि टॉप-ऑर्डर बल्लेबाज जैकब बेथेल, जो आईपीएल में खेलते समय बाईं अनामिका उंगली में चोट के चलते यूके लौटेंगे। इंग्लैंड की पुरुष मेडिकल टीम वापसी पर उनकी पूरी तरह से जांच करेगी, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि बेथेल 4 जून को लॉर्ड्स में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए चयन के लिए उपलब्ध होंगे या नहीं।"

आरसीबी के एक बयान में कहा गया, "चिकित्सकीय जांच के बाद, जैकब इंग्लैंड की आगामी टेस्ट श्रृंखला से पूर्व आगे के मूल्यांकन के लिए लौटेंगे। आरसीबी में सभी सदस्य जैकब के जल्दी स्वास्थ्य लाभ और उनकी रिहैबिलिटेशन प्रक्रिया के लिए शुभकामनाएं देते हैं।"

आईपीएल 2026 में फिल सॉल्ट के न रहने पर जैकब बेथेल ने टॉप-ऑर्डर में विराट कोहली के साथ बल्लेबाजी की थी। इस सीजन में बेथेल रन बनाने के लिए मुश्किलों का सामना करते हुए नजर आए, जिन्होंने 7 मैचों में महज 13.71 की औसत से 96 रन बनाए। इसी चोट के चलते वह सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ आरसीबी के अंतिम लीग मैच में भी नहीं खेल पाए थे।

आरसीबी ने पिछले साल अपना पहला आईपीएल खिताब जीता था। यह टीम आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में पहले ही स्थान बना चुकी है। आरसीबी 26 मई को धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में क्वालीफायर-1 खेलेगी, जहां उसका सामना गुजरात टाइटंस से होगा। इस मुकाबले में जीतने वाली टीम सीधे फाइनल के लिए क्वालिफाई कर जाएगी, जो 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।