आईपीएल 2026: आरसीबी का लक्ष्य सनराइजर्स हैदराबाद को हराकर 'क्वालीफायर-1' खेलना

आईपीएल 2026: आरसीबी का लक्ष्य सनराइजर्स हैदराबाद को हराकर 'क्वालीफायर-1' खेलना

हैदराबाद, 21 मई। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 का 67वां मैच शुक्रवार को राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बीच होगा। दोनों टीमें पहले ही प्लेऑफ में जगह बना चुकी हैं और अब वे इस मैच का लाभ उठाकर पॉइंट्स टेबल में अपनी स्थिति को और मजबूत करना चाहेंगी।

इस सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद ने 13 में से 8 मैचों में जीत दर्ज की है, जिससे वह 16 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है। दूसरी ओर, आरसीबी ने 13 में से 9 मैचों में जीत हासिल कर 18 अंकों के साथ टॉप पर है।

यदि एसआरएच यह मैच जीतती है, तो वह शीर्ष-2 में जगह बना लेगी। वहीं, आरसीबी के लिए जीत का मतलब होगा कि वह 'क्वालीफायर-1' में पहले स्थान पर खेल सकेगी।

आरसीबी ने सीजन की शुरुआत में 8 में से 6 मैच जीते थे, लेकिन इसके बाद वह लगातार 2 हार का सामना कर चुकी है। हालांकि, वह अपने पिछले तीन मैच जीतकर एसआरएच के खिलाफ इस मुकाबले में उतरेगी।

वहीं, एसआरएच की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। उसने पहले 4 में से 3 मैच हारे, लेकिन इसके बाद लगातार 5 मैच जीतकर अपनी स्थिति में सुधार किया है। पिछले चार मैचों में से उसे 2 में जीत मिली है।

आरसीबी और एसआरएच के बीच अब तक आईपीएल इतिहास में 27 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से एसआरएच ने 14 और आरसीबी ने 12 मैच जीते हैं। एक मैच का परिणाम नहीं निकल पाया है।

दोनों टीमें इस सीजन के शुरुआती मैच में भी आमने-सामने आई थीं, जिसमें आरसीबी ने बेंगलुरु में एसआरएच को 6 विकेट से हराया था।

सनराइजर्स हैदराबाद की टीम में ट्रेविस हेड, ईशान किशन, हेनरिक क्लासेन, स्मरण रविचंद्रन, अभिषेक शर्मा, ब्रायडन कार्स, हर्ष दुबे, कामिंदु मेंडिस, नितीश कुमार रेड्डी, पैट कमिंस (कप्तान), ईशान मलिंगा, जयदेव उनादकट, हर्षल पटेल, जीशान अंसारी, सलिल अरोड़ा, प्रफुल हिंगे, लियाम लिविंगस्टोन, शिवम मावी, डेविड पायने, अनिकेत वर्मा, अमित कुमार, साकिब हुसैन, क्रैन्स फुलेट्रा शामिल हैं।

आरसीबी की टीम में रजत पाटीदार (कप्तान), टिम डेविड, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, फिलिप साल्ट, जितेश शर्मा, जैकब बेथेल, क्रुणाल पंड्या, रोमारियो शेफर्ड, अभिनंदन सिंह, जोश हेजलवुड, रसिख सलाम डार, भुवनेश्‍वर कुमार, सुयश शर्मा, स्वप्निल सिंह, नुवान तुषारा, वेंकटेश अय्यर, जैकब डफ़ी, मंगेश यादव, जॉर्डन कॉक्स, विहान मल्होत्रा, कनिष्क चौहान, विक्की ओस्तवाल और सात्विक देसवाल शामिल हैं।