अहमदाबाद में फिट इंडिया मूवमेंट के तहत 'संडे ऑन साइकिल' कार्यक्रम का 75वां आयोजन किया गया। इस मौके पर केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया, गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी, अभिनेता आयुष्मान खुराना और ओलंपिक पदक विजेता गगन नारंग उपस्थित रहे। मनसुख मांडविया ने लोगों से साइकिल का अधिक उपयोग करने की अपील की। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा, "आज कॉमनवेल्थ डे और संडे ऑन साइकिल का 75वां कार्यक्रम मनाया जा रहा है। इन दोनों अवसरों को ध्यान में रखते हुए पूरे देश में इस इवेंट का आयोजन किया गया। भारत कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 का मेज़बान है और अहमदाबाद इसे होस्ट कर रहा है। इस अवसर पर हजारों युवाओं ने सभी युवाओं को खेलों में भाग लेने और अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की अपील की है। इसके साथ ही, मेरे युवा अहमदाबाद के प्रधानमंत्री मोदी के तेल बचाओ अभियान से भी जुड़े हैं।
खेल मंत्री ने साइकिल चलाने के तीन महत्वपूर्ण लाभों की चर्चा की। उन्होंने बताया कि साइकिल चलाने से व्यक्ति अपनी सेहत को बनाए रख सकता है, और यह एक बेहतरीन व्यायाम है। साथ ही, साइकिल चलाने से वातावरण में प्रदूषण में कमी आती है और तेल की बचत भी होती है। उन्होंने लोगों को यह संदेश दिया कि अपने जीवन में साइकिल का अधिकतम उपयोग करें।
मनसुख मांडविया ने कहा कि यदि हमें अपने देश को आगे बढ़ाना है और पीएम मोदी के विकसित भारत के सपने को पूरा करना है, तो नागरिकों का फिट रहना अत्यंत आवश्यक है। यदि हम फिट रहेंगे, तो समाज स्वस्थ रहेगा और एक स्वस्थ समाज ही सम्पन्न राष्ट्र का निर्माण कर सकता है।
वहीं, गगन नारंग ने संडे ऑन साइकिल को एक अद्भुत पहल बताया। उन्होंने कहा कि इतने सारे युवाओं को इस मुहिम में शामिल होते देख अच्छा लगा। दिल्ली में भी इसी प्रकार का आयोजन हुआ जहां शिक्षा मंत्री आशीष सूद मौजूद रहे। उन्होंने सुझाव दिया कि सभी नागरिक यदि डॉक्टर के पास जाने से पहले 30 मिनट साइकिल चलाएं, तो वे अपनी सेहत को बनाए रख सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस समय साइकिल चलाना केवल एक स्वस्थ विकल्प नहीं, बल्कि देशभक्ति का प्रतीक भी है, तथा यह पेट्रोल और ऊर्जा की बचत के लिए एक अनूठा प्रयास है।