नई दिल्ली, 21 मई। केंद्र सरकार ने गुरुवार को जानकारी दी कि 20 मई तक 58,500 से अधिक पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) उपभोक्ताओं ने अपने एलपीजी कनेक्शन वापस कर दिए हैं। इसके साथ ही सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल की अच्छी खासी मात्रा उपलब्ध है। सरकार ने लोगों को सलाह दी कि वे ईंधन की खरीदारी के लिए घबराएं नहीं और हर संभव तरीके से ईंधन की उपलब्धता को सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
सरकार ने नियमित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "अफवाहों से बचें और सही जानकारी के लिए केवल आधिकारिक स्रोतों पर भरोसा करें।"
20 मई को, उद्योग के स्तर पर ऑनलाइन एलपीजी सिलेंडर बुकिंग लगभग 99 प्रतिशत तक बढ़ गई।
पेट्रोलियम मंत्रालय ने जानकारी दी कि "डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (डीएसी) आधारित डिलीवरी दर लगभग 96 प्रतिशत तक पहुंच गई है, जिससे एलपीजी की कालाबाजारी रोकी जा सके। डीएसी उपभोक्ता के पंजीकृत मोबाइल पर भेजा जाता है। पिछले तीन दिन में करीब 1.34 करोड़ सिलेंडर की डिलीवरी हुई है, जबकि 1.32 करोड़ सिलेंडर बुक किए गए थे।"
बुधवार को करीब 45.36 लाख सिलेंडर बुकिंग के मुकाबले लगभग 47.51 लाख एलपीजी सिलेंडर का वितरण हुआ।
मंत्रालय के अनुसार, पिछले तीन दिनों में लगभग 1.87 लाख पांच किलोग्राम वाले एफटीएल सिलेंडर बेचे गए हैं।
इसके अलावा मार्च से अब तक 7.64 लाख पीएनजी कनेक्शनों में गैस की आपूर्ति शुरू की जा चुकी है, और 2.81 लाख कनेक्शनों के लिए आधारभूत ढांचा तैयार किया गया है, जिससे कुल संख्या 10.45 लाख तक जा पहुंची है।
इसके अतिरिक्त, लगभग 7.99 लाख ग्राहकों ने नए कनेक्शन के लिए आवेदन किया है।
पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय ने फारस की खाड़ी में समुद्री स्थिति पर जानकारी देते हुए कहा कि क्षेत्र में भारतीय जहाजों और चालक दल की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
जलमार्ग मंत्रालय ने कहा कि वह विदेश मंत्रालय, भारतीय मिशनों और समुद्री क्षेत्र से जुड़े सदस्यों के साथ सहयोग कर रहा है, ताकि नाविकों की सुरक्षा और समुद्री परिचालन में कोई बाधा न आए।
मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि "क्षेत्र में मौजूद सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और पिछले 72 घंटों में भारतीय ध्वज वाले किसी जहाज या भारतीय चालक दल वाले विदेशी जहाजों से जुड़ी कोई दुर्घटना नहीं हुई है।"
मंत्रालय ने यह भी बताया कि महानिदेशक शिपिंग (डीजी शिपिंग) के जरिए अब तक 3,316 से ज्यादा भारतीय नाविकों को सुरक्षित होकर स्वदेश लाया गया है, जिसमें पिछले 72 घंटों में खाड़ी क्षेत्र से लौटने वाले 99 नाविक भी शामिल हैं।