41 साल की उम्र में चैंपियन बने रोनाल्डो का भावुक जश्न

41 साल की उम्र में चैंपियन बने रोनाल्डो का भावुक जश्न

नई दिल्ली, 22 मई। आंसुओं की धारा, चेहरे पर संतोष और जीत का उल्लास। गुरुवार को अल नासर द्वारा सऊदी प्रो लीग का खिताब जीतने के बाद क्रिस्टियानो रोनाल्डो का एक अलग रूप देखने को मिला। रोनाल्डो ने दो गोल किए, मैदान से बाहर जाते समय वो भावुक हुए और अनोखे तरीके से विजय का जश्न मनाया। 41 वर्ष की आयु में चैंपियन बने रोनाल्डो को देखकर ऐसा लग रहा था जैसे किसी नवोदित खिलाड़ी ने पहली बार ट्रॉफी हासिल की हो। जनवरी 2023 में अल नासर से जुड़े रोनाल्डो ने पहली बार टीम को चैंपियन बनाया। दमैक के खिलाफ अल नासर ने 4-1 से जीत हासिल की और सऊदी प्रो लीग का खिताब अपने नाम किया। इस खिताबी यात्रा में रोनाल्डो की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही। दमैक के खिलाफ पुर्तगाल के इस स्टार खिलाड़ी ने फ्री किक पर एक गोल किया और दूसरा गोल गोलकीपर को चकमा देते हुए किया। इस लीग में रोनाल्डो ने कुल 28 गोल किए।

मैच खत्म होने से कुछ मिनट पहले जब रोनाल्डो मैदान से बाहर जाने लगे, तब सभी प्रशंसक खड़े होकर उनकी सराहना कर रहे थे। यह दृश्य रोनाल्डो को भावुक कर गया और उनकी आंखों से आंसू बहने लगे। डगआउट में पहुंचने के बाद भी रोनाल्डो अपने भावनाओं को नियंत्रित नहीं कर सके और सोशल मीडिया पर वायरल हो रही वीडियो में उन्हें रोते हुए देखा गया। लेकिन ये आंसू खुशी के थे, क्योंकि इस ट्रॉफी को पाने के लिए रोनाल्डो ने अल नासर में खेलते हुए तीन साल से अधिक का समय बिताया।

मैच के बाद जब रोनाल्डो ट्रॉफी लेने आए, तो उन्होंने अपने सिर पर एक कपड़ा लपेटा हुआ था। ट्रॉफी लेने के बाद वह टीम के साथ मंच पर जश्न मनाते हुए नजर आए। इसके बाद रोनाल्डो फैंस की ओर भी बढ़े और स्टैंड से एक ड्रम उठाकर गोल पोस्ट के पास जाकर बजाते हुए दिखाई दिए। रोनाल्डो को शायद ही पहले कभी इस तरह जश्न मनाते हुए देखा गया होगा। क्लब को खिताब दिलाने की खुशी उनके चेहरे पर साफ दिख रही थी। यह खिताब 2026 फीफा वर्ल्ड कप से पहले रोनाल्डो के आत्मविश्वास को और बढ़ाएगा। अपने छठे और संभवतः अंतिम विश्व कप में खेलने जा रहे रोनाल्डो से पुर्तगाल के प्रशंसकों को उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद होगी। रोनाल्डो इस वर्ल्ड कप को अपनी बेहतरीन खेल से यादगार बनाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।