2047 तक अंग की कमी से किसी की मृत्यु नहीं होगी: नीलेश मण्डलेवाला

2047 तक अंग की कमी से किसी की मृत्यु नहीं होगी: नीलेश मण्डलेवाला

सूरत, 25 मई। 'डोनेट लाइफ' के संस्थापक नीलेश मण्डलेवाला को 25 मई को राष्ट्रपति द्वारा देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान 'पॉद्मश्री' से सम्मानित किया जाएगा। यह पुरस्कार, जिसे केंद्र सरकार ने 'पीपल्स पद्म' के रूप में घोषित किया है, देशभर के सेवा कार्य करने वालों के लिए खुशी का विषय बन गया है।

नीलेश मण्डलेवाला ने इस पुरस्कार को अपनी व्यक्तिगत सफलता नहीं मानते हुए इसे पूरे देश के अंगदान आंदोलन के प्रति समर्पित किया। उन्होंने अपने पिता की तकलीफ से शुरू हुई अंगदान की जरूरत की कहानी साझा करते हुए इसमें अपने प्रयासों, सामाजिक पूर्वाग्रहों और सम्मान प्राप्त करने की यात्रा के बारे में बताया।

आईएएनएस से चर्चा करते हुए, मण्डलेवाला ने कहा, "मैं मानता हूं कि यह सम्मान ना केवल नीलेश मण्डलेवाला का है, बल्कि उन सभी संस्थाओं और व्यक्तियों का भी है, जो अंगदान के पुण्य कार्य में लगे हुए हैं। केंद्र सरकार की इस पहल (पीपल्स पद्म) ने जमीनी स्तर पर काम कर रहे लोगों को नया उत्साह और प्रेरणा दी है।"

आजादी की शताब्दी के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विकसित भारत' के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाते हुए, मण्डलेवाला ने अपनी संस्था के एक महत्वपूर्ण लक्ष्यों को साझा किया। उन्होंने कहा, "हमारा लक्ष्य है कि 2047 में जब हम स्वतंत्रता की शताब्दी मनाएंगे, तब किसी भी मरीज की मृत्यु 'अंग की कमी' के कारण न हो। इसे सिर्फ दावों से नहीं, बल्कि एक ठोस योजना के माध्यम से हासिल किया जा रहा है। पिछले दो सालों से हम युवा पीढ़ी को इस अभियान में शामिल कर रहे हैं ताकि वे भविष्य में इस कार्य की जिम्मेदारी ले सकें।"

पद्मश्री मिलने के बाद की जिम्मेदारियों पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा, "सम्मान हमेशा एक बड़ी जिम्मेदारी साथ लाता है। यह पुरस्कार तब अधिक सार्थक होगा, जब हम उन राज्यों में अंगदान की प्रवृत्ति और ट्रांसप्लांट के अवसरों को बढ़ावा दे सकें, जहां अभी तक इसकी शुरुआत नहीं हुई है।"

मण्डलेवाला ने कहा, "जब किसी परिवार में किसी सदस्य की मृत्यु होती है, तो हम उनके गहने उतार लेते हैं, क्योंकि वे अति मूल्यवान होते हैं। लेकिन हमारे अंग उन गहनों से भी अधिक कीमती हैं, क्योंकि ये किसी फैक्ट्री में नहीं बनते। यदि हम इन्हें दान कर दें, तो सालाना अंग की कमी से मरने वाले लाखों लोगों को जीवनदान मिल सकता है।"

उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि वे इस सम्मान को अपने माता-पिता और भगवान द्वारकाधीश के चरणों में समर्पित करते हैं।