चेन्नई, 18 मई (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 का 63वां मैच सोमवार को एमए चिदंबरम स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) और सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के बीच होगा। क्रिकेट प्रेमियों की ख्वाहिश है कि महेंद्र सिंह धोनी इस मैच में खेलें। इस सीजन में धोनी ने अब तक कोई भी मैच नहीं खेला है, क्योंकि शुरुआत में उन्हें पिंडली की मांसपेशियों में खिंचाव की समस्या का सामना करना पड़ा। टीम प्रबंधन ने यह स्पष्ट किया है कि धोनी के खेलने का निर्णय खुद उनके हाथ में होगा।
मैच देखने आए फतह अहमद ने 'आईएएनएस' से कहा, "मुझे उम्मीद है कि चेन्नई सुपर किंग्स इस मैच को जीतने में सफल रहेगी। हमें उम्मीद है कि महेंद्र सिंह धोनी खेलेंगे। मैं बेंगलुरु से यहां उन्हें खेलने के लिए आया हूं। संजू सैमसन और देवाल्ड ब्रेविस से इस मैच में अच्छे प्रदर्शन की अपेक्षा है। इस मुकाबले में 180-200 के बीच स्कोर होने की संभावना है।" वहीं, अमन दीक्षित ने कहा, "मैं इस मैच को लेकर काफी उत्सुक हूं। यह 'करो या मरो' का मुकाबला है, और मुझे उम्मीद है कि धोनी मैदान पर उतरेंगे। इस टीम ने पिछले 5 में से 3 मैच जीते हैं। मैं पहली बार दिल्ली से चेन्नई आया हूं, और मुझे लगता है कि यह मैच बहुत रोमांचक होगा।" कृष ने कहा, "मैं चाहता हूं कि सीएसके प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करे। संजू सैमसन से हमें बहुत उम्मीदें हैं। यह मैच काफी रोमांचक हो सकता है। चेन्नई मेरा घर है, और मैं चाहता हूं कि सीएसके इस मैच को जीतकर आगे बढ़े।" विग्नेश ने कहा, "यहां पहली बार आईपीएल मैच देखने आया हूं। मैं चाहता हूं कि सीएसके एकतरफा जीत प्राप्त करे, ताकि प्लेऑफ के लिए उनकी राह आसान हो। यह धोनी का आखिरी आईपीएल मैच भी हो सकता है। अगर संजू सैमसन अच्छा प्रदर्शन करते हैं, तो निश्चित रूप से सीएसके यह मैच जीत जाएगी।" वर्तमान में चेन्नई सुपर किंग्स ने 12 में से 6 मैच जीतकर प्वाइंट्स टेबल में पांचवां स्थान हासिल किया है, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद ने 12 में से 7 मैच जीते हैं और तीसरे स्थान पर है। --आईएएनएस आरएसजी